रायपुर
रायपुर, 23 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर भयावह होती जा रही है। प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों के लिए बेड समेत वेंटिलेटर की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसी स्थिति में कोरोना मरीजों के बेहतर इलाज के लिए उरला स्थित रेलटेक एंड इक्विपमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व को निभाते हुए राज्य सरकार को 5 नग फिलिप्स नॉन इनवेसिव वेंटिलेटर प्रदान किया है। सभी वेंटिलेटर को कंपनी द्वारा जिला पंचायत रायपुर के सीईओ को सौंप दिया गया।
कंपनी के प्रबंध निदेशक दिनेश विश्वनाथ और मानव संसाधन निदेशक आनंद शुक्ला ने कहा है कि एक कंपनी के रूप में वे संक्रमित रोगी की भलाई के लिए ये वेंटिलेटर दे रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर इलाज मिल सके। कोरोना संक्रमण राज्य में तेजी से फैल रहा है। ऐसे में सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। तभी कोरोना की जंग जीत सकते हैं। कंपनी समय-समय पर इस तरह की अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व को प्रमुखता से निभाती रहती है। कोरोना से जंग जीतने के लिए हम सबको धैर्य के साथ मिलकर काम करना होगा। कोरोना से बचने के लिए आम लोग लॉकडाउन गाइडलान का पालन करें, मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।