रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अपै्रल। राजधानी रायपुर में जिला प्रशासन की सख्ती के पहले भाठागांव सब्जी बाजार में आज सुबह 4 बजे से भारी भीड़ लगी रही और यहां अधिकांश लोग बिना मास्क पहने सब्जी खरीदी-बिक्री में जुटे रहे। लोगों का कहना है कि बाजारों में इसी तरह की भीड़ बनी रही, तो कोरोना का खतरा कम होने के बजाए और बढ़ सकता है।
राजधानी रायपुर में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन ने सुबह 6 से शाम 6 बजे तक दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। बाकी समय ये दुकानें बंद रहेंगी, लेकिन सब्जी बेचने वालों ने पिछले साल की तरह इस साल भी सुबह 4 बजे से अपनी दुकानें लगानी शुरू कर दी है और भीड़ शुरू हो गई है। भाठागांव सब्जी बाजार में जिला प्रशासन की सख्ती के पहले कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ती रही। लोग नाइट कफ्र्यू भूलकर खरीदी में लगे रहे।
लोगों का कहना है कि राजधानी रायपुर के कई इलाकों में रोज कई नए कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। सब्जी बाजार में जिस तरह से भीड़ लग रही है, उससे कोरोना संक्रमण और तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में सब्जी खरीदी और बिक्री करने वाले खुद जागरूक होकर भीड़ में जाने से बचें। जरूरी होने पर भीड़ में जाते समय मास्क अवश्य लगाएं और सामाजिक दूरी बनाकर रखें।