रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद/रायपुर, 3 अप्रैल। गरियाबंद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर साढ़े 34 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब पौने दो लाख रूपए बताई गई है।
गरियाबंद एसपी भोजराम पटेल ने अवैध गांजा परिवहन पर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी छूरा को पुलिस टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनकी निशानदेही पर थाना प्रभारी द्वारा एक लाल रंग के होण्डा स्टनर मोटर सायकल में दो व्यक्ति जो उड़ीसा से छुरा होते हुए रायपुर की ओर जा रहे थे जिनके साथ एक बोरा भी था संदेह के आधार पर तत्काल एसडीओ पुलिस को सूचना दी गई जिनके पहुंचने के बाद तलाशी लेने पर बोरे मे 34 किलो 5 सौ ग्राम गांजा कीमत 1 लाख 70 हजार बरामद किया गया। साथ में दो मोबाइल और 3 सौ नगद व मोटरसाइकिल जप्त कर कार्यवाही की जा रही है।
आरोपी मनोज इसाई और योगेश तारक, छूरा गरियाबंद के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (ख) नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों को जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार भुआर्य , सउनि श्रवण विश्वकर्मा, हीरालाल चंद्राकर, खिलेश्वर कश्यप, अंगदराव आरक्षक, हरिहर साहू माधव साहू, रवि सिन्हा, जयप्रकाश मिश्रा, यादराम ध्रुव, टेमन दुबे, प्रहलाद थानापति, शिवदयाल नागेश, दयानंद गौर, राजेन्द्र गायकवाड़ , पुष्पेन्द्र साहू की सराहनीय भूमिका रही ।
पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी के दिशा निर्देश और पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज डॉ. आनंद छाबड़ा के मार्गदर्शन में गरियाबंद पुलिस की सक्रियता के परिणाम स्वरूप अवैध तस्करी पर लगातार कार्यवाही हो रही है। गरियाबंद क्षेत्र में हो रहे अवैध रूप से गांजा, हीरा, शराब, वन्य प्राणियों के अवैध तस्करी को रोकने के लिए गरियाबंद पुलिस कप्तान भोजराम पटेल के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, संतोष महतो के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है अभियान में एक बड़ी सफलता फिर मिली है।