रायपुर

समय रहते सरकार को सडक़ पर उतरकर पसीना बहाना पड़ेगा- सोनी
01-Apr-2021 5:42 PM
समय रहते सरकार को सडक़ पर उतरकर पसीना बहाना पड़ेगा- सोनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अप्रैल। रायपुर लोकसभा सांसद सुनील कुमार सोनी ने गुरूवार को संसदीय कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कोरोना की तैयारियों को अपर्याप्त बताते हुए राज्य सरकार को लापरवाह और गैरजिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विगत 1 वर्ष में कोई सीख न लेते हुए आम जनता को मौत के मुंह में फिर से धकेल दिया है।

राज्य सरकार विगत 1 वर्षों में केन्द्र सरकार द्वारा कोरोना पर दिए गए करोड़ों रूपये खर्च करने के बाद भी स्थाई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में विफल साबित हुई है। बीते एक वर्ष में छत्तीसगढ़ की जनता के लिए प्रत्येक जिलों के प्रत्येक विकासखंडों में समुचित व्यवस्था हो जानी चाहिए थी, लेकिन दुर्भाग्यनजक है राज्य सरकार जिला स्तर पर भी समुचित और पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर सकी। मध्यप्रदेश में एस्मा लागू कर दिया गया है, छत्तीसगढ़ में फिलहाल शासन को कोई चिंता नहीं है। आने वाले समय में स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न व अन्य जरूरी सेवाओं से लोगों को कोई तकलीफ न हो यह ध्यान रखना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को कोरोना से लडऩे के लिए वैकल्पिक नहीं स्थाई व्यवस्था की आवश्यकता है। इंडोर स्टेडियम को तैयार करने में राज्य सरकार ने स्मार्ट सिटी का 7 करोड़ खर्च किया था, राज्य सरकार को टेम्प्रेरी व्यवस्था की बजाए स्थाई व्यस्था की दिशा में कार्य करना चाहिए। ऐसा लग रहा है कोरोना के इस महामारी में भी राज्य सरकार खुद लूटपाट और बंदरबांट में लगी हुई है।

श्री सोनी ने कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से न तो पर्याप्त मात्रा में वेक्सिन सेंटर स्थापित किए गए हैं और न ही पर्याप्त अस्पताल हैं और न ही ईलाज की समुचित व्यवस्था। छत्तीसगढ़ में लोग कोरोना महामारी से बुरी तरह प्रभावित हैं, प्रदेश के मुखिया असम के चुनावी राजनीति में मस्त हैं और मंत्री अपने आपको लाचार महसूस कर रहे हैं। सरकार और सरकारी अमला पूरी तरह विफल और कन्फयूज है, कि क्या करें ? सरकार शराब बिक्री का मोह नहीं छोड़ पा रही है। प्रदेश की सीमाओं में कोई चेकिंग नहीं है क्या सरकार को केवल शराब दुकानें कैसे खुलेंगी, इसकी चिंता है। शराब दुकानों की समय सीमा बढ़ाने की चिंता है। कांग्रेस सरकार खुद छत्तीसगढ़ को उड़ता छत्तीसगढ़ बनाने में लगी है।

सांसद श्री सोनी ने कहा कि लॉकडाउन होना चाहिए, लेकिन सरकार की व्यवस्था क्या है ? लॉकडाउन होने से छोटे-छोटे लोगों की रोजी-रोटी पर संकट न आये। इन बातों को ध्यान रखते हुए ही समुचित व्यवस्था के साथ लॉकडाउन किया जाना चाहिए। मेरा आग्रह है कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता की सुध लें और छत्तीसगढ़ वापस आयें। दुर्भाग्यजनक है कि संकट के इस समय को राज्य सरकार ने मजाक बना दिया है। सरकार के मंत्री पूरी तरह अधिकारविहीन हैं, प्रदेश की जनता को महामारी में धकेल कर मुख्यमंत्री ही नदारद हैं। मेरा मानना है कि इस दौर में निश्चित रूप से राज्य सरकार की उपस्थिति दिखनी चाहिए, जो नगण्य है। छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता के हित में समय रहते सरकार को सडक़ पर उतरकर पसीना बहाना पड़ेगा।


अन्य पोस्ट