रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 मार्च। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी व खो-खो पारा अस्पताल में कोरोना जांच के लिए एक बार फिर से लोगों की लंबी लाइन शुरू हो गई है। उनकी यह लाइन भारी गर्मी के बीच सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बनी रहती है। इस दौरान यहां सैकड़ों लोगों की कोरोना जांच की जा रही हैं।
राजधानी रायपुर समेत जिले में कोरोना मरीज अब फिर से बढऩे लगे हैं। यहां नए-नए कंटेनमेंट जोन भी बनते जा रहे हैं। ऐसे में लोग खुद चलकर अब अपनी कोरोना जांच करवा रहे हैं। कालीबाड़ी अस्पताल में जांच के लिए लोग सुबह से पहुंच रहे हैं और एक-दो घंटे इंतजार के बाद अपनी जांच करा रहे हैं। इसके अलावा शहर के खो-खो पारा पुरानी बस्ती अस्पताल, एम्स, अंबेडकर अस्पताल, जिला अस्पताल समेत और कई जगहों पर भी कोरोना जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि राजधानी रायपुर समेत जिले में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो गई है और अब अलग-अलग बस्तियों से नए पॉजिटिव सामने आ रहे हैं। इनके संपर्क में आने वालों की भी जांच की जा रही है। इसके बाद भी लोग खुद चलकर अपनी कोरोना जांच कराने पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में उनकी यह भीड़ और बढ़ सकती है। हालांकि भीड़ बढऩे पर जांच आदि को लेकर और इंतजाम किए जा सकते हैं।