रायपुर

एनडीए सरकार ने ही तो किसानों को धान का दाम 25 सौ देने पर लगाई रोक-शैलेष
27-Mar-2021 5:33 PM
 एनडीए सरकार ने ही तो किसानों को धान का दाम 25 सौ देने पर लगाई रोक-शैलेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मार्च। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने एक विज्ञप्ति जारी कर राजीव गांधी न्याय योजना के संबंध में भाजपा के दुष्प्रचार का खंडन किया है और कहा है कि किसानों को पूरी राशि दी गई है। भाजपा भ्रम फैलाने और झूठ बोलने का खेल बंद करें। भाजपा चौथी किश्त कम आने एवं राशि मे कटौती का झूठ फैलाने में लगी है। छत्तीसगढ़ का किसान समझदार है। छत्तीसगढ़ के किसानों को अपनी छत्तीसगढ़ की किसानों की सरकार पर विश्वास है। भूपेश बघेल की सरकार ने जो कहा सो किया। कांग्रेस सरकार किसानों के साथ थी, किसानों के साथ है और किसानों के साथ रहेगी।

त्रिवेदी ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को 10 हजार रू. प्रति एकड़ की राशि दी जा रही है। धान, गन्ना सहित 13 फसलें उगाने वाले किसानों को प्रति एकड़ दस हजार रुपया देने वाली भूपेश बघेल जी की कांग्रेस सरकार देश की यह पहली राज्य सरकार है। प्रथम तीन किश्तों में जो राशि दी गई उसी की बचत राशि चौथे किश्त में दी गई। हर किसान को प्रति एकड़ कुल दस हजार रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

धान, गन्ना सहित 13 फसलों पर प्रति एकड़ 10 हजार रू. की राशि किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत दी गयी। छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार ने 21 मार्च 2021 को वर्ष 2020 को अंतिम किश्त दिया। इस राशि के पहले 2 नवंबर 2020, 20 अगस्त 2020 और 21 मई 2020 को तीन किस्त दी जा चुकी है।


अन्य पोस्ट