रायपुर
शिक्षा सचिव का व्याख्याता संघ को आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मार्च। छत्तीसगढ़ व्याख्याता संघ का एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में आज प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला से मिला। इस दौरान श्री शुक्ला ने उन्हें प्राचार्य पद पर पदोन्नति और सहायक शिक्षकों को तृतीय समयमान वेतनमान जल्द देने का आश्वासन दिया।
प्रवक्ता जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि व्याख्याताओं ने शिक्षा सचिव से मिलकर अपनी कई समस्याएं रखी। इस दौरान शिक्षा सचिव ने कहा कि पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है, अभी कोर्ट से स्टे लगा हुआ है। संघ की पहल पर विभाग की ओर से जवाब देने निर्देशित करते हुए स्पष्ट किया कि इस दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी। यदि कोई अवरोध नहीं हुआ तो नए शिक्षा सत्र से पूर्व सभी पदोन्नति कर दी जाएगी।
प्रधान पाठक की वरिष्ठता में शामिल करने संघ की मांग पर प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने कहा कि पदोन्नति नियम 2019 की सूक्ष्मता से परीक्षण कर उचित कार्यवाही की जाएगी। अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले जाने पर शिक्षा विभाग के वर्तमान सेटअप के पदों को विलोपित नहीं करने की मांग पर उन्होंने कहा कि जो व्याख्याता और प्राचार्य प्रतिनियुक्ति पर गए हैं, उनके सेटअप में वरिष्ठता वही रहेगी, जो उनकी वरिष्ठता है। सेटअप के पदों में कमी नहीं की जाएगी।
अधिकारियों-कर्मचारियों की गृह भाड़ा भत्ता में विसंगति पर सचिव ने कहा कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। अध्ययन कर वित्त विभाग से मार्गदर्शन लेकर उचित कार्यवाही की जाएगी। हाई स्कूल से हायर सेकंडरी स्कूल में उन्ययन किए गए स्कूलों में स्वीपर पद स्वीकृत करने पर उन्होंने स्थिति सामान्य होने पर निर्णय लेने की बात कही।
सहायक शिक्षकों को तृतीय समयमान देने पर सचिव ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा पूरी कार्यवाही कर निर्णय के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है। प्रतिनिधि मंडल में प्रांताध्यक्ष श्री शर्मा, राजीव वर्मा, सुरेश अवस्थी, एमसी राय, वेदप्रकाश शुक्ला, सौरभ सक्सेना आदि शामिल रहे।