रायपुर

पैर में खून थक्का, सूजन-घाव पीडि़तों को अंबेडकर में राहत
25-Mar-2021 5:15 PM
पैर में खून थक्का, सूजन-घाव  पीडि़तों को अंबेडकर में राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मार्च।
पैर के अंदरूनी नसों में खून का थक्का जमने और सूजन-घाव से पीडि़त दो मरीजों को अंबेडकर अस्पताल में राहत मिली। डॉक्टरों का कहना है कि खून का थक्का स्थानांतरित होकर फेफड़ों तक पहुंच जाता है, जो जानलेवा साबित होता है। उनके अस्पताल में अब इस तरह की बीमारी का भी इलाज होने लगा है। 

रेडियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. एसबीएस नेताम के नेतृत्व में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विवेक पात्रे ने दोनों मरीजों का इलाज डीएसएस मशीन के जरिये करते हुए खून के थक्कों को ठीक किया। इलाज के बाद दोनों मरीज की स्थिति सामान्य है। कैथेटर के जरिये खून के थक्कों को नसों के अंदर ही समाप्त करने की प्रक्रिया को कैथेटर डायरेक्टेड थ्रोम्बोलिसिस कहा जाता है।

डॉक्टरों के मुताबिक डीप वेन थ्रोम्बोसिस एक गंभीर स्थिति है जो तब होती है जब आपके शरीर के अंदर स्थित शिरा में रक्त का थक्का बन जाता है। रक्त का थक्का ठोस अवस्था में बदल जाता है और खून के प्रवाह को बाधित कर देता है। डीप वेन ब्लड क्लॉट्स आमतौर पर जांघ या निचले पैर में बनते हैं, लेकिन ये शरीर के अन्य क्षेत्रों में भी विकसित हो सकते हैं।

बड़ी नस बंट गई थी दो भागों में
इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विवेक पात्रे बताते हैं कि 60 वर्षीय महिला मरीज के गर्भाशय में गांठ हो गई थी, जिससे गांठ नस को दबा रही थी। नस दबने के कारण खून का थक्का नसों में जमने लगा जिससे मरीज के बायें पैरों में सूजन-घाव हो गया था। कलर डॉप्लर से बीमारी की पहचान कर सीटी स्कैन कराने पर नस (शिरा) में खून का थक्का पता चला। नस कमर पास न जुडक़र आगे जाकर अलग-अलग हो गई थी और किडनी पास जाकर जुड़ गई थी। ऐसा केस चंद लोगों में ही देखने को मिलता है। इस स्थिति को डुप्लीकेशन ऑफ इन्फीरियर वेनाकेवा कहते हैं। 

खून थक्का नसों से किडनी तक पहुंचा
निजी अस्पताल से रेफर 48 वर्षीय एक अन्य मरीज यहां सर्जरी विभाग में आया था। यहां डॉ. संतोष सोनकर ने उसकी जांच की। मरीज को कोलोन कैंसर और डीप वेन थ्रोम्बोसिस दोनों था। उसके पैर के खून का थक्का किडनी तक पहुंच गया था। इस केस में मरीज को पल्मोनरी एम्बोलिज्म से बचाने के लिए डॉ. पात्रे ने गले की नस से हृदय के दाहिने कक्ष से होते हुए किडनी पर इन्फीरियर वेनाकेवा में एक जाली लगा दी जिससे खून का थक्का फेफड़े में न जा सके। बाद में डॉ. संतोष सोनकर ने कार्सिनोमा ऑफ कोलोन का ऑपरेशन किया।

 


अन्य पोस्ट