रायपुर

महादेव घाट के भूमण्डल में अनवरत 120 मिनट अनुगूंजित होगी ऊँ ध्वनि
07-Mar-2021 5:21 PM
महादेव घाट के भूमण्डल में अनवरत 120 मिनट अनुगूंजित होगी ऊँ ध्वनि

ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान कर रहा वृहद अनुष्ठान 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 मार्च।
इस बार महाशिवरात्रि के पावन प्रसंग पर  हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर महादेव घाट के तट पर सकारात्मक ऊर्जा और दिव्य शक्ति प्रदायक ऊँ ध्वनि प्रात: 7 बजे से अनवरत 120 मिनट तक अनुगूंजित की जाएगी। इस ऊँ ध्वनि का एक साथ सामूहिक उच्चार 108 बार होगा। 

ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान अग्रोहा कॉलोनी रायपुर के तत्वावधान में होने जा रहे इस पावन महानुष्ठान में सम्मिलित होने देशभर के विभिन्न स्थानों से शिवभक्त पहुंचेंगे। संस्थान की ओर से अब तक देश के कानपुर, कोल्हापुर, मुम्बई, दिल्ली, हैदराबाद, मेरठ, बांधा आदि समेत अनेक स्थानों में यह सफल अनुष्ठान कराया जा चुका है। जिसमें संस्थान के ओम प्रतीक अंकित ध्वज सहित राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का भी आरोहण होगा।

ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान की प्रमुख शिवशक्ति संवाहक देवकी बहन ने बताया कि नित्य प्रति ऊँ ध्वनि करने से सभी मानसिक समस्याओं से मुक्ति मिलती है। सभी समस्याओं का एक ही समाधान है ऊँ ध्वनि। भौतिक विकास के इस कलिकाल में मानव तनाव-डिप्रेशन, अशांति से ग्रसित है। जिसका समाधान ऊँ ध्वनि के उच्चार में निहित है। इस शक्तिसंपन्न ध्वनि से सकारात्मक ऊर्जा का प्रादुर्भाव होता है। इस महानुष्ठान का प्रमुख उद्देश्य मानव की मानसिक शांति के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर और विश्व शांति की स्थापना करना है। 

ऊँ ध्वनि का वास्तविक अर्थ है आत्मा का परमात्मा से मिलन। संपूर्ण विश्व में बंधुत्व की भावना जागृत हो, सभी एक सूत्र में बंधे और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले।
 इन्ही मंगल भावनाओं को लेकर यह अनुष्ठान किया जा रहा है। सर्व कल्याणकारी यह अनुष्ठान धर्म, जाति-सम्प्रदाय से परे है, इसमें किसी भी धर्म, सम्प्रदाय-जाति के लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने महाशिवरात्रि के इस महानुष्ठान में अधिक से अधिक सहभागी होकर दिव्य ऊँ ध्वनि की सकारात्मक ऊर्जा को अनुभूत करने का आह्वान जनमानस से किया है।


अन्य पोस्ट