रायपुर

शराब पीकर वाहन चलाते 15 फंसे
28-Feb-2021 5:22 PM
शराब पीकर वाहन चलाते 15 फंसे

पुलिस का विशेष जांच अभियान जारी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 फरवरी।
तेलीबांधा स्थित वीआईपी रोड पर आधी रात को शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाते 15 चालक पकड़े गए। पुलिस, इन सभी के वाहनों को जब्त कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है। 

राजधानी रायपुर-आसपास सडक़ हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने तेलीबांधा  पुलिस के साथ मिलकर विशेष जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान आउटरों में तेज रफ्तार के साथ शराब के नशे में वाहन चलाने वाले पकड़े जा रहे हैं। इसी कड़ी में बीती आधी रात पुलिस की यह टीम वीआईपी रोड पर तैनात होकर जांच में लगी रही। इस दौरान 15 वाहन चालक पकड़े गए।  

एएसपी शहर लखन पटले, सीएसपी नसर सिद्धकी की उपस्थिति में जांच के बाद इन सभी चालकों के वाहन जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि जब्त सभी वाहन कल न्यायाल में पेश किए जाएंगे, लेकिन पुलिस की यह जांच आगे भी जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में इसी वीआईपी रोड पर नशे मे तेज रफ्तार वाहन चलाते  12 चालक फंसे थे, जिनमें से 10 को न्यायालय से 10-10 हजार जुर्माना किया गया था। 
 


अन्य पोस्ट