रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 फरवरी। श्रावक का 11वां व्रत और तीसरा शिक्षाव्रत है प्रतिपूर्ण पोषधोपवास। एक दिन और रात के लिए चारों प्रकार के आहार तथा सब प्रकार के सावघ व्यापार का त्याग करने से यह अनुष्ठान होता है। इसे अष्ठपहरी पोषध भी कहा जाता है। इसके दूसरे रूप में केवल पोषध शब्द का प्रयोग होता है।
भोजन करके पोषध करने के प्रसंग आगम साहित्य में उपलब्ध हैं। चालू परंपरा में 4,6 और 8 प्रहर का पोषध होता है और अधिक लंबे समय तक पोषध किया जाता है। उक्त सभी उपक्रमों को साधना के विशेष प्रयोग मानना चाहिए।
जैन परंपरा के अनुसार पूर्ण संयमी साधु ही भिक्षा लेने का अधिकारी है। जैन मुनि भिक्षाजीवी होने के साथ अपने संकल्पों के प्रति भी जागरूक रहता है। वह भिक्षा पाने के लिए न तो गृहस्थ की चापलूसी करता है, न उसे किसी प्रकार का प्रलोभन देता है और न अपने प्रभाव को ही काम में लेता है। शास्त्रों में निर्धारित विधि को ध्यान में रखते हुए वह भिक्षाचारी के लिए जाता है।