रायपुर

लता मंगेशकर के रागबद्ध गीतों की महफिल आज
22-Feb-2021 5:29 PM
लता मंगेशकर के रागबद्ध   गीतों की महफिल आज

एकमात्र छत्तीसगढ़ी गीत भी सुना जाएगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 फरवरी।
सोमवार की शाम लता मंगेशकर द्वारा गाया एकमात्र छत्तीसगढ़ी गीत सुनना हो तो रंगमन्दिर सभागार में शाम ठीक 7 बजे पहुंचा जा सकता है । इसके अतिरिक्त करीब 15 ऐसे गीत भी पेश होंगे, जो रागों पर आधारित हैं। संगीत निर्देशक-कल्याण सेन इस परिकल्पना के जनक हैं। 

डॉ. अरुण कुमार सेन की स्मृति में आयोजित फिल्म संगीत की यह शाम सामूहिक आयोजन है, जिसमें सेंट पॉल्स स्कूल के 74 बैच के साथियों सहित डॉ. सेन के पारिवारिक सदस्यों, शुभचिंतकों का विशेष सहयोग है। 
उल्लेखनीय है कि मुंबई और रायपुर में बराबर सक्रिय संगीत निर्देशक कल्याण सेन, जिन्हें मुंम्बई सिने इंडस्ट्री का 4 दशकों का अनुभव है, वे इस कार्यक्रम में लता मंगेशकर के रागों पर आधारित गीत गवाएंगे । करीब 16 गीतों की लयबद्ध प्रस्तुति रायपुर के संगीत जगत के लिए अनोखी बात होगी। इसी में एकमात्र छत्तीसगढ़ी गीत भी है। पहली बार यह गीत मंच पर सुना जाएगा। 

बॉलीवुड में सक्रिय गायिका कृतिका श्रीवास्तव इसके लिए विशेष रूप से आ रही हैं। अलावा इसके प्रदेश की कशिश चन्द्राकर भी आयोजन की एक महत्वपूर्ण कलाकार हैं। आचार्य- रंजन मोडक़ उद्घोषक होंगे।  संगतकार होंगे तबला-महेंद्र चौहान, की बोर्ड- सत्या मुदलियार, गिटार-अर्नब चैटर्जी ऑक्टोपैड-मनोज चक्रवर्ती एवं साइड रिदम- वरुण निषाद। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क है।
 


अन्य पोस्ट