रायपुर
बसंत पंचमी पर शिक्षकों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 फरवरी। डीजीपी डीएम अवस्थी ने बसंत पंचमी पर यहां पुलिस पब्लिक स्कूल पहुंचकर शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस पब्लिक स्कूल का उद्देश्य धन अर्जित करना नहीं अपितु संस्कारपरक शिक्षा देना है। जिससे यहां के बच्चे भविष्य में जीविकोपार्जन के साथ देश सेवा करें। इसमें स्कूल के शिक्षकों की कड़ी मेहनत है।
श्री अवस्थी ने कहा कि बसंत पंचमी के दिन हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि स्कूल और यहां के बच्चों की प्रगति के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। अभी सिर्फ 12वीं तक कक्षाएं संचालित हैं लेकिन स्कूल की ख्याति इतनी हो कि यहां कॉलेज संचालित हो। आज पुलिस पब्लिक स्कूल की इतनी ख्याति है कि यहां एडमिशन के लिए सभी अभिभावक प्रयास कर रहे हैं।
बसंत पंचमी पर स्कूल में मां सरस्वती पूजन किया गया। सरस्वती पूजन में प्रबंधक आईपीएस जितेंद्र शुक्ला, प्राधानाचार्या शनी मिश्रा भी उपस्थित रहीं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में 185 छात्रों के साथ प्रारंभ किया गया, यह स्कूल वर्तमान में तीन गुना से अधिक नवीन प्रवेशी 751 छात्रों के साथ अग्रसर है। डीजीपी श्री डीएम अवस्थी द्वारा छात्रों के नवाचार को प्रोत्साहन करने विभिन्न अवसर प्रदान किया जा रहा है तथा समय-समय पर विषय-विशेषज्ञों को भी आमंत्रित कर छात्रों को उनके अनुभवों का लाभ प्रदान कर मार्गदर्शन किया जा रहा है।