रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 फरवरी। स्कूल शिक्षामंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने एक बयान में कहा है कि प्रदेश में अगले हफ्ते से 9वीं से 12वीं तक स्कूल खोलने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। कैबिनेट की बैठक में कल इस पर मुहर लगेगी। इसके बाद ये सभी स्कूल अनलॉक हो जाएंगे।
डॉ. टेकाम ने मीडिया को दिए अपने एक बयान में कहा कि कोरोना के चलते प्रदेश के सभी स्कूल करीब सालभर से बंद हैं। इनमें से 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों को खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों को खोलने के पहले सैनिटाइज किया जाएगा। वहीं बच्चों को सामाजिक दूरी बनाकर बैठाने की व्यवस्था भी की जाएगी। स्कूलों में बच्चों को मास्क लगाकर आना होगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में प्रदेश के 9वीं से 12वीं तक के लाखों बच्चों की पढ़ाई इस साल ऑनलाइन चल रही है। वे सभी घर बैठे अलग-अलग ग्रुप से जुडक़र पढ़ाई में लगे हैं। आने वाले कुछ दिनों में उनकी वार्षिक परीक्षाएं होनी है। प्रदेश में कोरोना का खतरा अब कम होने पर सरकार हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों को खोलने की तैयारी में जुटी है।