रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 फरवरी। रविवि कर्मचारी संघ ने विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक प्रथम तिमाही में रखने की मांग कुलपति एवं कुलसचिव से की है। उनका कहना है कि शासन से विवि कर्मचारियों की पदोन्नति समिति की बैठक 15 दिन में बुलाने का आदेश प्रसारित किया गया है, लेकिन यहां यह बैठक फिलहाल तय नहीं की गई है, जिससे कर्मचारी पदोन्नति से दूर है।
कर्मचारी संघ सचिव प्रदीप मिश्र ने एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 15 जनवरी 2021 को सभी विभागों को पत्र भेजकर हर साल रिक्तियों के आधार पर विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक कराने विभागध्यक्ष को पत्र भेजा गया है। यह बैठक समय पर नहीं करने से अधिकारियों-कर्मचारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। सरकारी काम भी प्रभावित होता है। रविवि प्रशासन से उनकी मांग है कि पदोन्नति समिति की बैठक प्रथम तिमाही में की जाए।
उनकी यह भी मांग है कि पदोन्नति समिति की बैठक 7 दिन में करते हुए कार्य विवरण-आदेश जारी किया जाए। वहीं 20 दिन में पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों की पदस्थापना की जाए। उनका कहना है कि वन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा पिछले दिनों अपने विभागों में पदोन्नत हुए उप वन क्षेत्रपाल से वन क्षेत्रपाल पद पर पदोन्नत हुए उन कर्मचारियों को बैच लगाकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सम्मान समारोह में पदोन्नत कर्मचारियों से कहा कि पदोन्नति होने के बाद कर्मचारियों में जवाबदेही एवं उत्तरदायित्व बढ़ता है। उनका मानना है कि पदोन्नति के बाद कर्मचारी और ज्यादा उत्साह के साथ काम करेंगे।