रायपुर
रायपुर, 11 फरवरी। छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के अनुशांगिक संगठन छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच और छत्तीसगढ़ मनरेगा मजदूर कल्याण संघ द्वारा प्रदेश में पहली बार मनरेगा मजदूरों का प्रांतीय सम्मेलन 14 फरवरी को दुर्ग सिविल लाईन स्थित गोंडवाना भवन में आयोजित किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच संयोजक अधिवक्ता राजकुमार गुप्त और छत्तीसगढ़ मनरेगा मजदूर कल्याण संघ अध्यक्ष राकेश कौशिक ने बताया है कि मनरेगा कानून में पंजीकृत मजदूरों को मांग पर 100 दिन का काम देने की गारंटी है। राज्य सरकार ने अपने बजट से अतिरिक्त 50 दिन काम देने की गारंटी दी है। इस प्रकार प्रदेश के मनरेगा मजदूरों को कुल 150 दिनों का काम दिया जाना है, लेकिन श्रमिकों को पूरा दिन काम नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आगे बताया है कि दुर्ग जिला में पंजीकृत मनरेगा मजदूरों की संख्या लगभग 48 हजार से अधिक है, लेकिन एक साल में केंद्रीय के बजट से सिर्फ 4 हजार मजदूरों को ही 100 दिनों का काम दिया जा सका है, जो पंजीकृत मजदूरों का मात्र 10 प्रतिशत ही होता है।
इसी प्रकार राज्य के बजट से मात्र 40 लोगों को ही 50 दिनों का काम दिया जा सका है, जो कुल पंजीकृत मजदूरों का लगभग 0.1 प्रतिशत ही होता है। प्रदेश में पंजीकृत मनरेगा मजदूरों की संख्या लगभग 20 लाख है। मनरेगा मजदूरों को काम देने के मामले में पूरे प्रदेश में यही स्थिति है।