रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवंबर। 3 सीजी एयर एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर लखोली में 12 नवंबर से जारी है। 10 दिवसीय इस शिविर में स्कूल-कॉलेजों के 470 छात्र-छात्रा कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर का समापन 21 नवंबर को होगा। इसमें कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां कराई जा रही हैं।
शिविर की शुरुआत सुबह 6 बजे हेल्थ रन और योग से होती है। इसके बाद दो घंटे ड्रिल अभ्यास, पाठ्यक्रम आधारित कक्षाएं, अतिथि व्याख्यान, व्यायाम और खेलकूद की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कैडेट्स को बंदूक चलाने का प्रशिक्षण देने के साथ रायपुर एयरपोर्ट पर विमानों की जानकारी भी दी जा रही है। वाद-विवाद, क्विज, विशेष अभ्यास कार्यशाला और समूह गतिविधियों के जरिए उनकी प्रतिभा निखारने पर जोर दिया जा रहा है। प्रत्येक कैडेट के लिए सभी गतिविधियों में भाग लेना अनिवार्य किया गया है।