रायपुर

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी
18-Nov-2026 5:05 PM
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 नवंबर। राजधानी में आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। महिलाओं ने मंदिरों, बाग-बगीचों और घरों में आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पूजन के दौरान महिलाओं ने आंवले के पेड़ पर जल और कच्चा दूध अर्पित किया। इसके बाद रोली, अक्षत, पुष्प और धूप-दीप से पूजा कर वृक्ष के तने पर मौली बांधी। महिलाओं ने पेड़ की सात और 11 परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक मान्यता है कि आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है। इस दिन पूजा-अर्चना और दान-पुण्य करने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है। पूजा के बाद महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन किया और प्रसाद वितरित किया। कई स्थानों पर ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को भोजन कराने के साथ अन्न एवं वस्त्र का दान भी किया गया। तस्वीर / ‘छत्तीसगढ़’


अन्य पोस्ट