रायपुर
10 साल पहले बेटे की हत्या के संदेह में पिता ने ली जान
कमल विहार में बुधवार की वारदात में दो गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर। कमल विहार में हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक पिता है जो 10 वर्ष पहले बेटे की हत्या में शामिल संदेही की जान ली।
थाना तेलीबांधा में एक युवक के लापता होने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। प्रार्थिया द्वारा सूचना दी गई कि उसका पुत्र निरंजन पाल 10 नवंबर को रात्रि लगभग 8:30 बजे से घर से लापता है। प्रारंभिक पूछताछ में प्राप्त महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर राजा नायडू से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मामले की परतें खोलते हुए विनोद दांडेकर की संलिप्तता का पता लगाया।
पूछताछ में सामने आया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व अपने पुत्र की हत्या में निरंजन पाल के शामिल होने के संदेह के चलते विनोद दांडेकर उससे पुरानी रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते विनोद दांडेकर ने राजा नायडू के साथ मिलकर निरंजन पाल को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया, जहां दोनों ने उसे शराब पिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य एवं पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतक के कपड़े जलाकर शव को गटर में फेंक दिया तथा उसकी एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों राजा नायडू एवं विनोद दांडेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक निरंजन पाल का शव बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना से संबंधित जले हुए कपड़े एवं मृतक की एक्टिवा भी बरामद की गई है। उल्लेखनीय है कि राजा नायडू थाना तेलीबांधा का गुंडा-बदमाश है।
रहवासियों में आक्रोश जताया, स्वीकृत थाना न खोलने से घटनाएं बढ़ रहीं
इस घटना को लेकर कमल विहार के रहवासियों में आक्रोश जताया है। उनका कहना है इलाके में अपराध कोई नई बात नहीं है। पुलिस थाना स्वीकृत होने के बाद भी यहां पुलिस थाना नहीं खुल रहा है और पेट्रोलिंग तो नाम मात्र की रह गई है।
यहां के निवासी अब पूरी तरह भगवान भरोसे हो गए हैं। कल भी सेक्टर 13 में हुई हत्या का मामला सामने आया। मृतक कोकहीं और मार कर लाकर यहां गटर में फेंक दिया गया है।
इधर, लाखे नगर में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 12 नवंबर। लाखेनगर चौक में आपसी विवाद के दौरान युवक की हत्या के आरोपी को आजाद चौक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को लाखेनगर चौक में आपसी विवाद के दौरान शेख नाजिर (41), मोहम्मद यूनुस (25 ), निवासी ईदगाह भाठा, के बीच आपस में विवाद हुआ। इस दौरान शेख नाजिर ने युनूस के सीने पर चाकू से वार किया गया। इसमें गंभीर रूप से घायल मोहम्मद यूनुस की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।इस सूचना पर आजाद चौक पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर आरोपी नाजिर को गिरफ्तार कर लिया।