रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 नवंबर। दीपावली पर नेग मांगने गई किन्नर से कल शाम मारपीट हो गई। किन्नरों की टोली कल गुढिय़ारी इलाके में दुकानों में दीपावली का नेग लेने गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ गाली गलौज कर हाथ मुक्कों से हमला कर दिया।
रोजी किन्नर ने इसकी शिकायत गुढिय़ारी थाना में दर्ज कराई है। उसने शिकायत में बताया कि 5 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपनी टोली के साथ दीपावली पर लोगों को आशीर्वाद देने और बख्शीश लेने निकली थी। इसी दौरान टोली के अन्य सदस्य आगे निकल गए और वह अकेली रह गई। इस दौरान रामसागर सिंह एवं अन्य लोगों ने बख्शीश मांगने की बात पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की। घटना में रोजी की पीठ, गर्दन और दोनों हाथों में चोट आई है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
वहीं दूसरी घटना में लक्ष्मण नगर निवासी मंगल के साथ गाड़ी ठीक से चलाने को लेकर विवाद हो गया। 4 नवंबर की रात 10 बजे मंगल अपनी एक्टिवा से घर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक के चालक के कट मारने पर उसने गाड़ी ठीक से चलाने की बात कही इस बात पर बाइक सवार युवक और उसके साथी भडक़ गए, और दोनों ने हाथ-मुक्कों और पास में पड़े डंडे से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में मंगल के दाहिने हाथ और होंठ पर चोट आई। मारपीट करने वालों की पहचान सद्दाम खान और अब्दुल खान उर्फ कोदू खान के रूप में हुई है।
तीसरी घटना आमापारा चौक की है। विवेकानंद आश्रम सताक्षी मंदिर के पास रहने वाले ऑटो चालक तारीका के साथ 5 नवंबर की दोपहर ऑटो खड़ा करने को लेकर अमित सोनी से विवाद हुआ था। रात करीब 9.50 बजे जब वह आमापारा चौक के किनारे ऑटो खड़ा किए था, तभी अमित सोनी अपने भांजे कान्हा के साथ वहां पहुंचा।
दोनों ने दोपहर में हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों, पत्थर से उस पर हमला कर दिया। हमले में ऑटो चालक के सिर और बाईं आंख के नीचे चोट आई है। पुलिस नेे शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है। मामले में पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।