रायपुर

सिटी डेवलपमेंट प्लान अटका, अफसर प्रस्ताव तक नहीं बना पाए
17-Oct-2026 5:57 PM
सिटी डेवलपमेंट प्लान अटका, अफसर प्रस्ताव तक नहीं बना पाए

रायपुर मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने पर अमल नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अक्टूबर। सरकार रायपुर को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार कर चुकी है, लेकिन इस पर अब तक अमल शुरू नहीं हो पाया है। शहर के विकास से जुड़ी कई बड़ी योजनाएं अटकी हुई हैं। मेयर मीनल चौबे ने इसके लिए नगर निगम के अफसरों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि अफसर प्रस्ताव तक तैयार नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण शासन से राशि नहीं मिल रही और विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं।

मेयर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि वार्डों के विकास के लिए पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार किया गया था। नगरीय प्रशासन विभाग ने निजी एजेंसी की मदद से वार्डवार योजना बनवाई थी। इसमें सडक़, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रस्ताव शामिल थे। इसके बावजूद योजना पर आगे काम नहीं बढ़ पाया है। विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से पूर्व मंत्री राजेश मूणत और पूर्व सांसद सुनील सोनी भी नाखुश हैं।

फ्लाईओवर पर सहमति नहीं, चौड़ीकरण पर जोर

तात्यापारा से शारदा चौक तक फ्लाईओवर बनाने की घोषणा के साथ बजट में प्रावधान भी किया गया है, लेकिन मेयर और तीनों विधायकों की सहमति इस प्रस्ताव पर नहीं है। वे फ्लाईओवर के बजाय सडक़ चौड़ीकरण पर जोर दे रहे हैं। इसके बावजूद अब तक इस मुद्दे पर आगे कोई ठोस चर्चा नहीं हो पाई है। इसी तरह सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए सभी वार्डों में डंपिंग यार्ड बनाने का प्रस्ताव भी आगे नहीं बढ़ा। शहर में अंडरग्राउंड विद्युतीकरण की योजना भी अटकी हुई है। पहले स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कुछ प्रमुख मार्गों पर भूमिगत बिजली लाइनें बिछाई गई थीं।

सीएम के निर्देशों पर भी अमल का इंतजार

सीएम विष्णुदेव साय ने जनवरी में रायपुर नगर निगम क्षेत्र को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने तेजी से बढ़ते शहरीकरण के मद्देनजर यातायात, आवास, जल आपूर्ति और सार्वजनिक सेवाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने पर जोर दिया था।

बैठक में शहर के ड्रेनेज सिस्टम, प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिक्रमण, निगम के व्यावसायिक परिसरों में खाली दुकानों के पुनर्विक्रय और स्वास्थ्य अधोसंरचना जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी।

मुख्यमंत्री ने अंडरग्राउंड बिजली लाइनें बिछाने, नए सडक़ मार्ग, फ्लाईओवर, सार्वजनिक भवनों और स्टेडियमों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्देश दिए थे। संबंधित विभागों को आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र मुख्य सचिव कार्यालय भेजने और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने को कहा गया था। इसके बावजूद शहर की कई अहम योजनाओं पर अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है।


अन्य पोस्ट