रायपुर

जन समस्या निवारण शिविर में 625 आवेदन
14-May-2026 2:36 PM
जन समस्या निवारण शिविर में 625 आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 14 मई। सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर पालिका परिषद अभनपुर क्षेत्र के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू ने शिविर में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार आवेदन संबंधी जानकारी भी ली।

शिविर में नगर पालिका इंजीनियर दुष्यंत चौहान को हटाने की मांग भी उठाई गई। नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों और विधायक को अवगत कराया।

शिविर में लोगों ने सिलाई मशीन, साइकिल, ऑटो, प्रधानमंत्री आवास और पट्टा संबंधी मांगों के आवेदन दिए। कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें सुशासन तिहार के तहत दिए गए आवेदनों के निराकरण की उम्मीद है।

पार्षद नीलकमल गिलहरे ने एनएच-30 रायपुर-धमतरी मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय बनाने की मांग की। वहीं पार्षद वीरेंद्र सिन्हा और पार्थ वैष्णव ने एक ही हितग्राही को दो स्थानों पर प्रधानमंत्री आवास दिए जाने की शिकायत करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना और समस्याओं का निराकरण करना है।

जन समस्या निवारण शिविर में कुल 625 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 117 शिकायतें और 508 मांग संबंधी आवेदन शामिल थे।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रायपुर, अभनपुर एसडीएम रवि सिंह, तहसीलदार सीता शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे, उपाध्यक्ष बलविंदर गांधी तथा पार्षद उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट