रायपुर
राज्य गठन के बाद पहली बार नियुक्ति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मई। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने आवास एवं पर्यावरण विभाग अंतर्गत टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब विभाग में इन पदों पर नियमित भर्ती की गई है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस भर्ती को प्रदेश के सुव्यवस्थित, वैज्ञानिक और दूरदर्शी शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल रिक्त पदों की पूर्ति नहीं, बल्कि नियोजित विकास और आधुनिक शहरों के निर्माण की दिशा में बड़ी पहल है।
उन्होंने कहा कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की भूमिका शहरों और कस्बों के संतुलित विकास तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण है। नई नियुक्तियों से विभाग को युवा, प्रशिक्षित और ऊर्जावान अधिकारियों का सहयोग मिलेगा, जिससे प्रदेश के शहरी विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और योग्य प्रतिभाओं को शासन-प्रशासन में अवसर देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह चयन प्रक्रिया उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
लोक सेवा आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार 12 मई 2026 को संपन्न हुआ। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है।
वित्त मंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के नियोजित और संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अधिकारी अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।