रायपुर

4 किलो से अधिक गांजा जब्त, 15 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
11-Feb-2026 8:29 PM
4 किलो से अधिक गांजा जब्त, 15 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट में नशे के खिलाफ सख्त अभियान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 11 फरवरी। नशे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट ने सेंट्रल जोन क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। सेंट्रल जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गांजा बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर गांजा सेवन तथा अंधेरी गलियों व सुनसान इलाकों में अराजक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को निशाने पर लिया गया। कार्रवाई कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले सभी थाना क्षेत्रों में की गई।

4 किलो से अधिक गांजा के साथ दो गिरफ्तार: थाना सिटी कोतवाली पुलिस को 9 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ओसीएम चौक स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर की दीवार के पास दो युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

ऋ षभ तांडी उर्फ रिक्की (21) और सौरभ तांडी (22), निवासी नेहरू नगर, रायपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 4 किलो 85 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ?41,000) बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 41/2026 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते दो पकड़े गए। इसी अभियान के तहत 10 फरवरी को थाना गंज पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते दो व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के पास से लगभग 10 ग्राम गांजा, चिलम और अन्य सामग्री जब्त की गई। दोनों के विरुद्ध धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

15 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एक स्थायी वारंटी गिरफ्तार: कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत 15 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के 6, गोल बाजार के 4, मौदहापारा के 1 और गंज थाना क्षेत्र के 4 व्यक्ति शामिल हैं।

साथ ही एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पुलिस की सख्त चेतावनी: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशा बेचने या सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। अंधेरी गलियों, पार्किंग स्थलों और सुनसान स्थानों का दुरुपयोग करने वालों को चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे या असामाजिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि रायपुर को नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।


अन्य पोस्ट