रायपुर

लग्जरी बस विवाद के बीच 50 से अधिक किसान आंध्र गए
11-Feb-2026 8:35 PM
लग्जरी बस विवाद के बीच 50 से अधिक किसान आंध्र गए

मुर्गी पालन, मछली पालन की उन्नत तकनीक सीखेंगे

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर,11 फरवरी। जिले के 50 से अधिक किसान को पशुधन शैक्षणिक भ्रमण के लिए बुधवार को आंध्र प्रदेश रवाना हुए। इस दौरान कुछ किसान ने लग्जरी बस नहीं होने की वजह से रवाना नहीं हुए, और अपने गांव लौट गए।

अभनपुर के भाजपा विधायक इंद्र कुमार साहू ने आज सुबह किसानों को आंध्र प्रदेश के लिए रवाना किया। विवादों पर 'छत्तीसगढ़Ó से चर्चा में उन्होंने कहा कि दो-तीन किसानों की एसी बस की डिमांड थी, जो संभव नहीं था इसलिए दो-तीन लोग लौट गए। अभनपुर, आरंग और धरसीवां ब्लाक से 15-15 किसान आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुए। विवाद जैसी कोई बात नहीं है।

 पशुधन विकास विभाग द्वारा किसानों को शैक्षणिक भ्रमण के ले जाया गया है। वहां वो उन्नत मछली पालन,बकरी पालन और  गौपालन की जानकारी ले सकेंगे। दूसरी तरफ, भ्रमण में जाने से इंकार करने वाले किसानों का कहना था कि लंबी दूरी की यात्रा के लिए लग्जरी बस की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई थी और उन्हें टिकट नंबर भी उपलब्ध कराया गया था। लेकिन जब मौके पर विभाग की सामान्य छोटी बसें पहुंचीं, तो किसानों ने इतनी लंबी दूरी का सफर इन बसों से करने से साफ इनकार कर दिया।

किसानों का कहना है कि उन्हें पहले से आरामदायक यात्रा का आश्वासन दिया गया था, ऐसे में छोटे वाहनों में लंबी दूरी तय करना संभव नहीं है। इस मामले को लेकर किसानों में नाराजगी देखी गई। सूचना मिलते ही अभनपुर के विधायक भी पशुधन विकास विभाग कार्यालय पहुंचे और किसानों से चर्चा की। फिलहाल, विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


अन्य पोस्ट