रायपुर
डिजिटल सुरक्षा एवं जिम्मेदार उपयोग का दिया गया संदेश
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 11 फरवरी। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर आज नवा रायपुर स्थित महानदी भवन, मंत्रालय भवन स्थित सभागार में डिजिटल सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञों ने विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारीयों और कर्मचारियों के साथ-साथ नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से अपील की कि वे इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को प्राथमिकता दें ।
कार्यशाला का शुभारम्भ करते हुए एन. आई. सी. के डायरेक्टर सतीश शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को सुरक्षित इन्टरनेट दिवस मनाया जाता है । इसी कड़ी में आज राज्य के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय ई गवर्नेस डिविजन, चिप्स तथा एन. आई. सी. के संयुक्त तत्वाधान में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के प्रबन्धक देवब्रत सरकार ने सुरक्षित इंटरनेट दिवस का मुख्य संदेश देते हुए कहा कि सोच-समझकर क्लिक करें, जिम्मेदारी से साझा करें और सतर्क रहकर इंटरनेट का उपयोग करें। डिजिटल तकनीकें विकास का माध्यम हैं, परंतु उनका विवेकपूर्ण उपयोग ही सुरक्षित डिजिटल भविष्य की कुंजी है। श्री देवब्रत सरकार ने बताया कि साइबर और अन्य सभी प्रकार के इन्टरनेट से होने वाले स्कैम से बचने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया की अधिकारिक वेब साईट पर जाकर बी-अवेयर बुकलेट का अध्यन किया जा सकता है । एन. आई. सी. की संयुक्त संचालक सुश्री ज्योति शर्मा ने र्प्स्तुतिकरण देते हुए बताया कि डिजिटल सेवाओं के तीव्र विस्तार के साथ इंटरनेट आज शिक्षा, स्वास्थ्य, शासन, बैंकिंग एवं संचार का आधार बन चुका है ।
चिप्स से एस.ई.एम्.टी. हेड आशीष जायसवाल ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का विषय है, बल्कि समाज और राष्ट्र की डिजिटल संरचना की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है । उन्होंने बताया कि फिशिंग, साइबर ठगी, फेक न्यूज़, पहचान चोरी और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी चुनौतियों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है। आशीष जायसवाल ने मजबूत पासवर्ड का उपयोग, संदिग्ध लिंक से बचाव, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करना और केवल विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का उपयोग जैसे बुनियादी उपायों को अपनाने पर जोर दिया गया।


