रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 फरवरी। राजधानी रायपुर के गुढिय़ारी इलाके में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तांत्रिक विद्या से रुपए सौ गुना करने का लालच देकर दो आरोपियों ने एक कारोबारी से 3 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 318-4, 3(5) का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
गुढिय़ारी पुलिस के मुताबिक रुस्तम कुर्रे की एक साल पहले सुपेला, भिलाई में राहुल भारती से मुलाकात हुई थी। राहुल ने काम की तलाश का हवाला देकर मोबाइल नंबर लिया और इसके बाद लगातार संपर्क में रहने लगा। धीरे-धीरे उसने भरोसा जीत लिया। कुछ समय बाद राहुल ने बताया कि उसके संपर्क में मयंक दास नामक के तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र की क्रिया से पैसों को सौ गुना कर सकता है।
पूर्व परिचित होने के कारण रूस्तम ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया।आरोपियों के झांसे में आ कर उसने 3 लाख 50 हजार रुपए लगाने के लिए तैयार हो गया।
6 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे, राहुल भारती अपने साथी मयंक दास को लेकर मंगल बाजार, गुढिय़ारी स्थित रूस्तम के कार्यालय पहुंचा। दोनों ने पूजा-पाठ का सामान मंगवाया और कार्यालय के अंदर तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया शुरू की। मंत्रोच्चार के जरिए तांत्रिक क्रिया का नाटक किया गया।
पूजा के दौरान तांत्रिक ने रुपए मांगे। जिस पर रूस्तम ने उसे 500-500 रुपए के नोटों में 3 लाख 50 हजार रुपए सौंप दिए। इसके बाद मयंक दास ने उसे और राहुल को बाहर बैठने के लिए कहा और खुद अंदर करीब रात 10्30 बजे तक पूजा-पाठ करता रहा। पूजा पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों ने यह कहकर बाहर निकलने की बात कही कि वे श्मशान से मिट्टी लाकर अंतिम प्रक्रिया पूरी करेंगे। और नकली रूपयों से भरा बैग ऑफिस में रख दोनों अपनी बाइक से फरार हो गए।
काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो रूस्तम ने ऑफिस में जाकर थैला खोलकर देखा तो उसमेेंं असली नोटों की जगह चिल्ड्रन बैंक के नकली नोटों के बंडल भरे हुए थे। राहुल भारती के से संपर्क करने पर मोबाइल बंद आने लगा।
रुस्तम कुर्रे ने गुढिय़ारी थाना जाकर पुलिस को सारी बात बताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों राहुल भारती और मयंक दास के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


