रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 फरवरी। राजधानी रायपुर के उरला इलाके में पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 50 ग्राम गांजा और नकद बिक्री रकम जब्त की है।
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देश पर नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 को थाना उरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीरगांव स्थित शहीद नगर मैदान के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।
सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्यम राजपूत उर्फ ढोलू निवासी दुर्गा नगर, बीरगांव बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास बैग में गांजा पाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 50 ग्राम गांजा एवं नकद राशि सहित कुल लगभग 1 लाख 5 हजार रुपए बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


