रायपुर

कलेक्टर कॉन्फ्रेंस पर बघेल-बैज के आरोप, रेत से पेट नहीं भरा इसलिए जंगल की ओर जा रहे
13-Oct-2025 8:19 PM
कलेक्टर कॉन्फ्रेंस पर बघेल-बैज के आरोप, रेत से पेट नहीं भरा इसलिए जंगल की ओर जा रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अक्टूबर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल  सुबह दिल्ली रवाना हुए। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में धान खरीदी पर बघेल ने  तंज कसा। पूर्व सीएम ने कहा कि पिछले साल का धान आज तक उठ नहीं पाया है? सरकार को बताना चाहिए कि कितना धान बिका है और कितना डीओ काटा गया है।कलेक्टर को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि नियमों में बदलाव सरकार ने किया है।पहले जहां धान 72 घंटे में उठ जाना चाहिए था, अब उसको 3 महीने तक कर दिया गया है। ऐसे में कलेक्टर क्या कर सकता हैज् क्या वह अपने सर पर धान को लाध कर ले जाएगा?

उन्होंने कहा कि सरकार में किसी कलेक्टर का ट्रांसफर करने की भी हिम्मत नहीं है। वहीं आज कॉन्फ्रेंस में डीएफओ को शामिल करने पर कहा कि रेत से इनका पेट नहीं भरा, इसलिए जंगल की ओर जा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कल मुख्यमंत्री ने कलेक्टर कांफ्रेंस लिया। यह कांफ्रेंस पूरी तरह औपचारिकता मात्र साबित हुआ। मुख्यमंत्री लिखा-लिखाया डायलॉग पढ़ रहे थे। मुख्यमंत्री कलेक्टरों से कहते हैं कि प्रदेश में अवैध रेत खनन क्यों बंद नहीं हो रहा। मतलब मुख्यमंत्री ने अंतत: स्वीकार किया कि राज्य में खनन माफिया हावी है सरकार उसे रोक नहीं पा रही। कलेक्टर कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लंबित राजस्व प्रकरणो के बारे में कोई निर्देश नहीं दिया। जबकि सिर्फ लालफीताशाही के कारण राज्य में चार लाख से अधिक नामांकन, बंटवारा, खाता दुरुस्तीकरण फौत चढ़ाने के मामले लंबित है।

मुख्यमंत्री धान खरीदी के लिए कलेक्टरों को जवाबदेह बता रहे जबकि निर्णय और नीति बनाना राज्य सरकार का काम है। बार दाने की व्यवस्था करना, परिवहन और उठाव नीति राइस मिलर से अनुबंध नीति तो सरकार को बनाना है, कलेक्टर तो केवल बनाई गई नीति का पालन करवाएंगे। जब आप नीति और निर्णय नहीं ले पाएंगे तो इसमें उनका क्या दोष।

कांग्रेस को अपना कार्यकाल याद करना चाहिए- मिश्रा

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पूर्व सीएम के बयान पर पलटवार में  कहा कि क्या भूपेश सरकार में कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस नहीं हुई। कांग्रेस को अपना कार्यकाल याद करना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में अधिकारी बड़बोले और भ्रष्ट हो गए थे। अब कई अधिकारी जेल में है।हमें कांग्रेस की नसीहत नहीं चाहिए।


अन्य पोस्ट