रायपुर

धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन 31 तक
08-Oct-2025 9:50 PM
धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन 31 तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अक्टूबर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन आवश्यक है। खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने जानकारी दी कि एग्रीस्टैक पोर्टल भारत सरकार द्वारा विकसित एक यूनिफाइड एग्रीकल्चर डेटाबेस है, जिसमें किसानों का भूमि एवं आधार लिंक्ड पंजीयन किया जाता है। पंजीकरण उपरांत किसानों को एक यूनिक फार्मर आईडी प्राप्त होती है। यह आधार लिंक्ड डेटाबेस शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ केवल वास्तविक पात्र किसानों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

एग्रीस्टैक में आधार-आधारित पंजीयन और ई-केवाईसी की व्यवस्था से संपूर्ण प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता, सटीकता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित होगा। एग्रीस्टैक पोर्टल से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1030 पर संपर्क किया जा सकता है।

वर्तमान वर्ष में अब तक 21.47 लाख किसानों ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया है। शेष किसान अपने निकटतम सहकारी समिति या निर्धारित केंद्र में जाकर 31 अक्टूबर  तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इस संबंध में सभी समितियों और जिला कलेक्टरों को पूर्व में आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राज्य के 20 हजार ग्रामों में से 13 हजार 879 ग्रामों में डिजिटल क्रॉप सर्वे किया गया है। इस डिजिटल क्रॉप सर्वे और मैनुअल गिरदावरी की रिपोर्टों का 2 से 14 अक्टूबर 2025 तक ग्राम सभाओं में पठन किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में मुनादी कर सूचना दी गई है और सर्वे सूची का पंचायत भवनों में प्रदर्शन (चस्पा) भी किया गया है। इसकी सतत निगरानी जिला कलेक्टर, खाद्य अधिकारियों तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

 6 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन नहीं-बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार के तरफ से बयान आया है कि अभी तक 21 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जबकि पिछले साल लगभग 27 लाख किसानों ने धान बेचा था। मतलब अभी तक 6 लाख से अधिक  किसानों का पंजीयन नहीं हो पाया है। एग्री स्टेक पंजीयन में आ रही परेशानी के कारण किसानों का पंजीयन नहीं हो पाया है। बैज ने मांग कि  धान खरीदी 1 नवंबर से की जाय। 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदी हो।धान की कीमत 3100+117+69 कुल 3286 रू. का भुगतान करने का भी घोषणा किया जाए। 2024-25 में किए गए एमएसपी में वृद्धि 117 तथा 2025-26 में किए गए एमएसपी में वृद्धि 69 को जोडक़र कुल 3286 रुपए प्रति क्विंटल होता है।

 

धान खरीदी के पूर्व मंडी कर्मचारी को प्लेसमेंट के हवाले किया- कैबिनेट में इसे रद्द किया जाए

रायपुर, 8 अक्टूबर। अव धान खरीदी के पूर्व खरीदी केदो के कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्लेसमेंट के माध्यम से नियुक्त करने का कमीशन बाजी का खेल प्रारंभ हो गया है। कर्मचारी नेता एवं आम आदमी पार्टी कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा है कि धान खरीदी केदो के जो कंप्यूटर डाटा एंट्री ऑपरेटर वर्तमान में कार्यरत हैं, उन्हें प्लेसमेंट ठेका के लोग फोन कर उनके आवश्यक दस्तावेज मंगा रहे हैं तथा उन्हें धमका रहे हैं कि यदि आपको खरीदी केंद्र में नौकरी करना है तो प्लेसमेंट के माध्यम से नौकरी करना पड़ेगा। अन्यथा यदि आप आवेदन नहीं करेंगे तो आपके बदले में किसी दूसरे की नियुक्ति होगी। श्री झा ने आरोप लगाया है कि अपने कृपा पात्र लोगों को धान खरीदी केदो में डाटा एंट्री ऑपरेटर प्लेसमेंट में नियुक्ति करने का ठेका दिया गया है। श्री झा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आगामी 10 अक्टूबर को कैबिनेट की बैठक में प्लेसमेंट को निरस्त करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट