रायपुर

सहयोग केन्द्र राजनीतिक नौटंकी - शुक्ला कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याएं सुनेंगे- साव
06-Oct-2025 7:55 PM
सहयोग केन्द्र राजनीतिक नौटंकी - शुक्ला कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याएं सुनेंगे- साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अक्टूबर। प्रदेश भाजपा कार्यालय के  सहयोग केंद्र में आज से पुन: मंत्रियों की बैठक व्यवस्था पर कांग्रेस के वार पर मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पलटवार किया है।

इस व्यवस्था में नियमित रूप से एक मंत्री बैठकर कार्यकर्ताओं एवं लोगों की समस्याओं के समाधान करेंगे। इस पर कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह केवल राजनीतिक नौटंकी है। उन्होंने कहा कि इस सरकार को 2 वर्ष हो गए हैं और भाजपा के कार्यकर्ताओं की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। शुरूआत में सीएम साय ने भी जनदर्शन शुरू किया था मंत्री भी सहयोग केंद्र में बैठते रहे लेकिन उसके बाद से कार्यकर्ता ही नहीं वरिष्ठ नेता ननकी राम कंवर,युवा नेता रवि भगत की भी सुनवाई नहीं हो रही। केवल असंतोष को दबाने पुन: शुरू किया जा रहा। जो बहुत जल्द बंद हो जाएगा।

इस पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि बीच में अलग अलग कारणों से सहयोग केंद्र बंद हुआ था, जो आज फिर से प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि, 14 अक्टूबर को स्वयं सहयोग केंद्र में कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की समस्याएं सुनेंगे। मंत्री रामविचार नेताम ने आज फिर से ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र की शुरूआत को लेकर कहा कि पहले की सरकार में भी सहयोग केंद्र खोले गए थे. यहां बारी-बारी से मंत्रियों की ड्यूटी लगती है. कार्यकर्ता अपनी समस्याओं को रखते हैं. सहयोग के माध्यम से निराकरण किया जाता है।प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए कार्यकर्ता देवतुल्य हैं। उनकी समस्या सुनने और समाधान के लिए सभी मंत्री एक एक दिन कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे।

 

कांग्रेस में पद हथियाने के लिए होड़ - साव, पहले अपने नेताओं का सम्मान करें भाजपा-धनेन्द्र

रायपुर, 6 अक्टूबर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्षों के चुनाव पर भाजपा नेताओं ने तंज कसा है। डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रदेश कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, कांग्रेस में पद हथियाने के लिए होड़ मची हुई है। इस लड़ाई के चलते इनके कार्यकर्ताओं में घोर निराशा छाई हुई है, वहीं जनहित के रचनात्मक कार्य नहीं होने से जनता भी इनसे दूर जा चुकी है। जनता कांग्रेस को लगातार नकार रही है।

 कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सब घोड़े एक जगह जमा हो गए हैं।सभी घोड़े की स्थिति खराब है। कांग्रेस का कोई भी घोड़ा टिकने वाला नहीं है।भाजपा का रथ बहुत तेजी के आगे बढ़ रहा,जिसे रोकने का किसी में ना ही साहस है और ना ही क्षमता।

इस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने भाजपा नेताओं को सीख दी कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं का सम्मान कर रही है। ऐसे में भाजपा नेताओं को कांग्रेस के बारे में नहीं सोचना चाहिए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिस भाजपा में मोदी और शाह के बगैर पत्ता नहीं हिलता,संगठन सृजन के मर्म को भाजपाई रामविचार और अरुण साव नहीं समझ सकते। वे पहले यह बता दें कि उनके उपर विष्णु देव साय कैसे क्यों थोपे गए। एक साहू समाज के बड़े नेता उस पर प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं तो दूसरे आदिवासी समाज के बड़े नेता।


अन्य पोस्ट