रायपुर

कालेजों में 700 पदों पर भर्ती, इनमें 625 एपी, 25 खेल अधिकारी और 50 ग्रंथपाल
15-Sep-2025 7:54 PM
कालेजों में 700 पदों पर भर्ती, इनमें 625 एपी, 25 खेल अधिकारी और 50 ग्रंथपाल

सीएम साय ने कहा 20 महीने में हमने 10 हजार नौकरियां दी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 सितंबर। उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने 700 पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की है। भर्ती हेतु स्वीकृत पदों में सहायक प्राध्यापक (एपी)के 625 पद शामिल किए गए हैं। इन पदों पर भर्ती होने से महाविद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता और शोध कार्यों में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा।

इधर सीएम विष्णुदेव साय ने आज कहा कि बीते 20 महीने में ही हमारी सरकार विभिन्न विभागों में 10 हजार शासकीय नौकरियां दी हैं। लगातार भर्तियां चल रही हैं। इसी कड़ी में प्राध्यापकों की भर्ती का मार्ग प्रशस्त हुआ है। क्रीड़ा अधिकारी  के 25 पदों पर भर्ती से खेल गतिविधियों को बढ़ावा इसी क्रम में क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है। इन पदों की नियुक्ति से महाविद्यालयों में खेलकूद और शारीरिक शिक्षा की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।

इसके अतिरिक्त ग्रंथपाल के 50 पदों पर भी भर्ती की स्वीकृति दी गई है। ग्रंथपालों की नियुक्ति से पुस्तकालयों का बेहतर संचालन होगा और विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री अधिक व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हो सकेगी।

यह निर्णय प्रदेश के युवाओं को रोजग़ार के नए अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, उच्च शिक्षा संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों और अधिकारियों की संख्या बढऩे से विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त होगा। बेहतर संसाधनों और  शिक्षकों की उपलब्धता से विद्यार्थियों की अकादमिक क्षमता और भी निखरेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  ने कहा कि महाविद्यालयों में रिक्त 700 पदों पर भर्ती होने से न केवल महाविद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुदृढ़ होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सीखने के अवसर भी प्राप्त होंगे।

यह पहल आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सशक्त बनाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगी।वित्त मंत्री  ओ. पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति इसी दिशा में एक बड़ा निर्णय है। इस पहल से एक ओर जहाँ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की उच्च शिक्षा प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी।


अन्य पोस्ट