रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। प्रदेश के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से उमस वाली गर्मी से अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने राजनांदगांव, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर में हैवी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर में आने वाले 24 घंटो के दौरान बारिश हो सकती है। कल कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा,दंतेवाड़ा, बस्तर में बारिश की संभावना जताई
गई है।
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, ग्वालियर, सीधी, गया, बालूरघाट और उसके बाद उत्तर-पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। प्रदेश में कल 13 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है। वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।प्रदेश में 16 जुलाई से वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है।वर्षा की गतिविधि बस्तर संभाग से प्रारंभ होते हुए प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढऩे की संभावना है।


