रायपुर
रायपुर, 25 नवंबर। पश्चिम क्षेत्र कराटे प्रतियोगिता में शहर के अर्चित श्रीवास्तव ने दो स्वर्ण पदक अपने नाम करने में सफलता प्राप्त की है। जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में 20-22 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रायपुर के अर्चित ने सब जुनियर (8-9 वर्ष) ग्रुप के 30 किलोग्राम वर्ग में व्यक्तिगत काता और कुमिते ( फाइट) स्पर्धा में यह पदक जीते हैं। इस जीत के साथ ही अर्चित दिल्ली में दिसंबर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर जोन टूर्नामेंट के लिए चयनित हुए हैं। छत्तीसगढ़ की टीम ( वेनम वारियर्स ) के कोच शिहन आशीष कश्यप के नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। छ.ग. स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) कार्यालय में उप महाप्रबंधक विकास श्रीवास्तव के सुपुत्र अर्चित ने पहले भी जोनल, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक हासिल किया है।