रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 नवंबर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट 2 के ग्राम करई में नन्द घरों (आंगनबाड़ी) का भ्रमण किया। आंगनबाड़ी केंद्रों में उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। श्रीमती राजवाड़े ने केंद्रों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास (महिला एवं बाल कल्याण) मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सामरी की विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। इस दौरान विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री ने गुजरात में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।