रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जून। महापौर एजाज ढेबर ने बुधवार सुबह जोन 5 के लाखे वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जनसमस्याओं को जाना। उनके साथ वार्ड पार्षद एवं जोन अध्यक्ष मन्नू विजेता यादव , जेसी सुशील कुमार चौधरी, ईई विमल शर्मा, एई अमृत मिशन रमेश पटेल सहित सम्बंधित जोन अधिकारी भी रहे।
ढेबर ने बंधवापारा में गन्दे पानी के निकासी के लिए पक्का नाला बनवाने तत्काल निविदा आमंत्रित करने निर्देशित किया। मलसाय तालाब के सौंदर्यीकरण की कार्यवाही शीघ्र रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से करवाने के निर्देश जोन कमिश्नर एवं कार्यपालन अभियन्ता को दिया । वार्डवासियों ने अमृत मिशन की पाईप लाईन से कुछ स्थानों पर पर्याप्त पेयजल नहीं पहुँचने की जानकारी दी।तो महापौर ढेबर ने तत्काल उप अभियन्ता अमृत मिशन को पाईप लाईन का सर्वे करके नागरिकों को टेल एन्ड तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाने कहा।
पण्डित वामन राव लाखे वार्ड के कुछ स्थानों पर गन्दे पानी की निकासी के लिए मानसून के पश्चात पक्की नालियाँ बनवाने कहा। महापौर ने वार्ड 66 के अभी निरन्तर हुई बारिश के चलते जल भराव से सम्बंधित स्थानों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया एवं जोन कमिश्नर को जल भराव के सभी स्थानों में जनहित में जनस्वास्थ्य सुरक्षा को दृष्टिगत रखकर साफ - सफाई व्यवस्था का निरन्तर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। ढेबर ने वार्डवासी वरिष्ठ छायाकार गोकुल सोनी से विकास को लेकर विचार -विमर्श किया। एजाज ढेबर ने वार्ड स्थित के दौरान माँ दंतेश्वरी मन्दिर एवं ममलेश्वर नाथ मंदिर में प्रभु एवं माता के श्रीचरणों का दर्शन किया।