रायपुर

वित्त विभाग से खुश सीएम ने कहा-वित्त बढिय़ा तो चित्त भी बढिय़ा
24-Jun-2023 7:40 PM
वित्त विभाग से खुश सीएम ने कहा-वित्त बढिय़ा तो चित्त भी बढिय़ा

बघेल ने सेवानिवृत्त अधिकारी को किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर. 24 जून। सीएम  भूपेश बघेल शनिवार को छत्तीसगढ़ वित्त सेवा अधिकारी संघ के सम्मान व स्नेह समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने  कार्यक्रम में वर्ष 2015 के बाद सेवानिवृत्त  वित्त अधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने संघ की स्मारिका ‘सुनिधि’ का भी विमोचन किया। वित्त विभाग के सचिव  अंकित आनंद, कोष एवं लेखा संचालक  नीलकंठ टीकाम, पेंशन संचालक सुश्री नम्रता गांधी और संस्थागत वित्त की विशेष सचिव एवं संचालक सुश्री शीतल वर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि वित्त और चित्त में गहरा संबंध है। जब वित्त बढय़िा हो तो चित्त भी बढय़िा होता है। वित्त विभाग पूरे प्रदेश की व्यवस्था के लिए धमनी का काम करता है। जहां जितनी जरूरत हो वहां उतनी राशि वित्त विभाग आबंटित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वित्तीय प्रबंधन में वित्त विभाग अच्छा काम कर रहा है। कोरोना संकट का समय राज्य की वित्तीय व्यवस्था के लिए परीक्षा का समय था। उस भीषण संकट के दौर में भी वित्तीय सेवा से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों ने राज्य की अर्थव्यवस्था को संभाले रखा। जब देश में चारों ओर मंदी का वातावरण था, तब भी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था गतिशील रही।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि वित्त विभाग की कार्यकुशलता से पुरानी पेंशन योजना को प्रदेश में सफलतापूर्वक लागू किया गया है।  वित्त  सचिव  अंकित आनंद ने कहा कि राज्य  वित्त सेवा के अधिकारी  शासन के दिशा-निर्देशों के साथ मितव्ययता बरतते हुए वित्तीय प्रबंधन करते हैं। कार्यक्रम में राज्य वित्त सेवा अधिकारी संघ के अध्यक्ष  के.एल. रवि और महासचिव  सचिन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं  अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।


अन्य पोस्ट