रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जून। पुरानी बस्ती स्थित महामाया माता मंदिर में जारी श्रीमद् देवी भागवत के चतुर्थ दिवस कथा को विस्तार देते हुए डॉ इन्दुभवानन्द महाराज ने कहा कि गृह बन्धनागार नहीं है और न ही बंधन का कारण है। जो मन से बंधन मुक्त है वह गृहस्थ आश्रम में रहते हुए भी मुक्त हो जाता है। जो न्याय मार्ग से धनोपार्जन करता है। शास्त्रोक्त कर्मों का विधिवत संपादन करता है। पितृ श्राद्ध आदि यज्ञ संपादन करता है तथा सर्वदा सत्य बोलता है, पवित्र रहता है वह घर में रहते हुए भी मुक्त हो जाता है।
ब्रह्मचारी, संन्यासी, वानप्रस्थी व्रतोपवास करने वाले यह सब दोपहर के समय गृहस्थ के पास ही भिक्षा लेने आते हैं। वे धार्मिक गृहस्थ श्रद्धा के साथ मधुर वचनों द्वारा सब का सत्कार करते एवं अन्नदान से उन्हें उपकृत करते हैं। गृहस्थ आश्रम से बढक़र कोई दूसरा आश्रम देखा या सुना नहीं गया है। वशिष्ठ मुनि आदि आचार्य और तत्वज्ञानियों ने इसका आश्रय लेकर मुक्ति प्राप्त की है। वेदोक्त कर्म करने वाले गृहस्थ के लिए कुछ भी असाध्य नहीं रह जाता है।
वह स्वर्ग, मोक्ष अथवा उत्तम कुल में जन्म- जो कुछ भी चाहता है, उसे सहज ढंग से प्राप्त हो जाता है तथा शास्त्रों के अनुसार एक आश्रम से दूसरे आश्रम जाना चाहिए। यही शाश्वत आश्रम व्यवस्था मानी जाती है। अत: आलस्य रहित होकर गृहस्थ संबंधी कर्मों को संपादित करना चाहिए। उक्ताशय का उपदेश वेदव्यास महाराज अपने पुत्र श्री सुखदेव महाराज को गृहस्थ आश्रम स्वीकार करने के उद्देश्य दे रहे हैं।