रायपुर
दंतेवाड़ा, बीजापुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जून। छत्तीसगढ़ में मानसून जल्द ही दस्तक दे सकता है। प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। इन दोनों जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर 24 घंटे का यलो अलर्ट जारी किया है।
भीषण गर्मी के बाद लोगों को कल से राहत की सांस मिली है। बता दें कल रात से मौसम के मिजाज बदले नजर आये जिसके बाद प्रदेश के कई इलाकों में राहत भरी झमाझम बारिश भी हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है. प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवा के हालात बन सकते हैं. पश्चिम, मध्य और उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है. जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मानसून को आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण भारत के कुछ भाग, उड़ीसा के कुछ भाग, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के कुछ और भाग, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। एक द्रोणिका सिक्किम से दक्षिण झारखंड तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। छग में आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की भी संभावना है।प्रदेश के मध्य और उत्तरी भाग के कुछ जिलों में ग्रीष्म लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। उसके बाद 24-25 जून तक जगदलपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ प्रवेश करेगा।
बारिश के साथ ये हो सकते है प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान सडक़ों में फिसलन बढ़ सकता है। सडक़ों में जलभराव के कारण प्रमुख शहरों में यातायात समस्या हो सकती है। भारी बारिश के कारण दृश्यता में कमी आ सकती है। फसलों को मामूली क्षति हो सकती है।