रायपुर
रायपुर, 22 जून। अब राज्य में छत्तीसगढ़ के अलावा पांच राज्यों मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु एवं कर्नाटक के विश्वविद्यालयों के बीएनवायएस डिग्रीधारी प्राकृतिक एवं योग चिकित्सा व्यवसायियों का पंजीयन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक, यूनानी तथा प्राकृतिक चिकित्सा बोर्ड के रजिस्ट्रार डॉ. संजय शुक्ला ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग द्वारा बोर्ड के प्रस्ताव पर उक्त निर्णय लिया गया है जिसकी अधिसूचना 14 जून के राजपत्र में प्रकाशित हो चुकी है।
गौरतलब है कि राज्य शासन के पूर्व अधिसूचना अनुसार अब तक बोर्ड द्वारा केवल छत्तीसगढ़ के रविवि, स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विवि के बीएनवायएस डिग्रीधारी प्राकृतिक एवं योग चिकित्सक का पंजीयन किया जा रहा था।
डॉ. संजय शुक्ला ने बताया कि नए अधिसूचना से मध्यप्रदेश के बरकतउल्लाह विवि तथा मध्यप्रदेश मेडिकल साइंसेस विवि जबलपुर , उस्मानिया विवि (एनडी फाम हैदराबाद) तथा डॉ. एनटीआर विवि ऑफ हेल्थ साइंस, गुजरात आयुर्वेद आयुर्वेद विवि, द तमिलनाडु डॉ. एम.जी.आर. मेडिकल विवि एवं मंगलोर विवि, राजीवगांधी विवि ऑफ हेल्थ साइंसेस तथा स्वामी विवेकानन्द योग अनुसंधान संस्थान (एसकीवाईएएसए) विवि से डिग्री प्राप्त करने वालों का पंजीयन संभव हो सकेगा।