रायपुर

मृत्तिका अभक्ष्य होती है-डॉ इंदुभवानंद
22-Jun-2023 7:38 PM
मृत्तिका अभक्ष्य होती है-डॉ इंदुभवानंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 जून। महामाया मंदिर सार्वजनिक न्यास समिति के सचिव व्यास नारायण तिवारी एवं न्यासी पं विजय कुमार झा ने बताया है कि पुरानी बस्ती रायपुर स्थित श्री महामाया माता मंदिर सार्वजनिक न्यास के तत्वाधान में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत की कथा को विस्तार देते हुए परम पूज्य प्रात: स्मरणीय ज्योतिष एवं द्वारका शारदा पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वतीजी महाराज के शिष्य डॉ इंदु भवानंद महाराज ने बताया कि मृतिका भक्षण नहीं करना चाहिए।

क्योंकि पृथ्वी च्च्मधु कैटभज्ज् नामक दैत्य की मेंद (चमडी )से संवलित है। इसलिए पृथ्वी को मेदिनी कहते हैं। पूजन के समय भी नग्न जमीन पर नहीं बैठना चाहिए। सदा सर्वदा आसन लगाकर ही बैठना चाहिए। नग्न जमीन में बैठने से पुण्य नष्ट होता है। जमीन को गोबर से लेपने से मधुकैटभ की मेंद का दोष नष्ट हो जाता है, तथा सदा सर्वदा गोबर से लेप करके पूजन करना चाहिए। गोबर के लेप से पृथ्वी शुद्ध हो जाती है तथा वह पूजा के योग्य मानी जाती है। कथा व्यास ने मधुकैटभ की कथा को विस्तार से बताते हुए कहा कि कार्य के साथ कार्य का विघ्न भी पैदा हो जाता है।

ब्रह्मा जी सृष्टि करने के लिए पैदा हुए, तो ब्रह्मा जी को मारने के लिए मधु कैटभ पैदा हो गए। प्रत्येक कार्य का विघ्न उसी के साथ पैदा हो जाता है। समझदार व्यक्ति को विघ्नों से नहीं डरना चाहिए। अपितु विघ्नों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। युक्ति के द्वारा कार्य की सिद्धि शीघ्र हो जाती है। कार्य को सिद्ध करना ही बुद्धिमत्ता का लक्षण है। क्योंकि कार्य और कार्य का विघ्न प्रतिबंधक  साथ साथ रहते हैं।


अन्य पोस्ट