रायपुर
रायपुर, 20 जून। सऊदी अरब में ईद-उल-अजाह का चांद दिखाई दे गया है। यहां धुल हिज्जा महीना 19 जून से शुरू हो गया है वहीं बकरीद 28 जून को मनाई जाएगी। भारत में कल सोमवार को यानि धुल हिज्जा महीने का चांद दिखाई दे गया है। यहां बड़ी ईद 29 जून को मनाई जाएगी। भारत के साथ-साथ इंडोनेशिया और मलेशिया के मुस्लिम समाज 29 जून को ईद-अल-अजहा मनाएगा। इस दिन विशेष रूप से बकरे की कुर्बानी दी जाती है जिस कारण इसे बकरीद भी कहते हैं। बकरीद की तारीख धुल हिज्जा महीने के चांद के दिखने पर निर्भर करती है। चांद रात पर आधारित इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार धुल हिज्जा महीना बारहवां महीना होता है। इस महीने के दसवें दिन ईद-उल-अजहा यानी बड़ी ईद का त्योहार मनाया जाता है। कुर्बानी का त्योहार होता है। इस्लाम में इस दिन अल्लाह के नाम पर कुर्बानी देने के परंपरा है। इस दिन मुस्लिम लोग नमाज अदा करने के बाद बकरे की कुर्बानी देते हैं।