रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। पुलिस मुख्यालय के मुख्य सभागार में लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन आज पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए जेंडर संवेदनशीलता के प्रति पुलिस अधिकारियों को सजग रहना होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को सामाजिक दृष्टि से देखना आवश्यक है ताकि समाज के भीतर जेंडर एम्पावरमेंट लाया जा सके। संविधान में महिलाओं एवं पुरूषों को समान अधिकार दिये गये हैं। एक पीडि़त महिला से संबंधित प्रकरण को पुलिस अधिकारी द्वारा कैसे व्यवहार किया जायेगा और मेडिकल जांच कराने के संबंध में सभी प्रावधान कानून के अंतर्गत किये गये हैं।
आईजी, सीआईडी एससी द्विवेदी ने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से महिला संबंधी अपराधों की विवेचना की बारीकियों, शिकायतों की जांच एवं पीडि़त के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा हो इस पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया जायेगा।
यूनिसेफ के सोशल एंड बिहेवियर चेंज स्पेशलिष्ट अभिषेक सिंह ने कहा कि लिंगभेद के बारे में मूलभूत सिद्धांत एवं व्यवस्था तथा सोच को समाज ने बनाया है। एक पुलिस अधिकारी के लिए जेंडर से बर्ताव में व्यापकता होनी चाहिए। कार्यशाला में राज्य के समस्त जिलों एवं पुलिस मुख्यालय के सहायक उप निरीक्षक से उप पुलिस अधीक्षक स्तर के कुल 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा जेंडर संवेदनशील पुलिसिंग हेतु प्रकाशित मार्गदर्शिका का विमोचन किया गया। कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर आभार प्रदर्शन पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी डॉ. संजीव शुक्ला ने किया।