रायपुर

धारा 120 बी, 384 हटने के बाद सूर्यकांत लगा रहे जमानत याचिका
18-Jun-2023 10:08 PM
धारा 120 बी, 384 हटने के बाद सूर्यकांत लगा रहे जमानत याचिका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 जून। बेंगलुरू  में कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी पर लगी आईपीसी की दो धाराओं को हटाने के बाद प्रकरण पर चर्चा चल रही है। सीएम भूपेश बघेल ने कह चुके हैं कि धाराएं हटने पर  ईडी की कार्रवाई खत्म करना बंधनकारी है। इससे परे जेल में बंद कारोबारी सूर्यकांत तिवारी की तरफ से सोमवार को हाईकोर्ट में जमानत याचिका पर तुरंत सुनवाई का आग्रह किया जाएगा। 

सूर्यकांत के वकील फैजल रिजवी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि पहले से ही जमानत आवेदन हाईकोर्ट के समक्ष पेंडिंग है। अब बेंगलुरू पुलिस द्वारा दो धाराओं को हटाने के बाद प्रकरण पर तुरंत सुनवाई का आग्रह किया जाएगा।

ईडी ने कोल केस में कारोबारी सूर्यकांत तिवारी, सुनील अग्रवाल, आईएएस समीर विश्नोई, और अन्य को आरोपी बनाया है। ये सभी पिछले 10 महीने से जेल में हैं।

इस केस में उस वक्त नया मोड़ आया है जब बेंगलुरू पुलिस ने आरोपी सूर्यकांत तिवारी के खिलाफ धारा 120 बी, और 384 हटा दी।  बेंगलुरू पुलिस ने वहां 13 तारीख को चालान पेश किया था। यह बताया गया कि पुलिस ने जांच में यह पाया कि इन धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करने का अधिकार नहीं था।

बताया गया कि इन दोनों धाराओं के आधार पर ईडी केस की जांच कर रही थी। और सूर्यकांत समेत कई लोगों के यहां रेड भी डाले गए। सीएम ने शनिवार को इस केस को लेकर भाजपा पर हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर राज्य की कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा कि ईडी ने अवैधानिक कार्रवाई की है। सीएम ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा जहां सीधे तौर पर राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ पाती है, वहां ईडी और आईटी को सामने कर दुरूपयोग करती है।


अन्य पोस्ट