रायपुर
पीएससी चेयरमैन के पक्ष में आया समाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जून। पीएससी-21 के नतीजों को लेकर विवादों में उलझे चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के बचाव में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज सामने आया है। 2021 के नतीजों में सोनवानी अपने बेटे और भतीजे के चयन को लेकर संदिग्ध हो गए हैं । विपक्ष और परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने राज्यपाल से सीबीआई जांच की मांग की है।
रविवार को सतनामी समाज के अध्यक्ष आर पी.भतपहरी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आरक्षित वर्ग के मेरिट को नकारने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है ।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के वर्तमान अध्यक्ष सोनवानी ने जब से कार्यभार सम्हाला है तब से राज्य सेवा परीक्षा की स्थिति को देखें प्रति वर्ष घोषित परीक्षा तिथियों के अनुसार चयन प्रकिया पूर्ण की गयी है। मौखिक साक्षात्कार तिथि के अंतिम दिवस में देर रात तक परीक्षा परिणाम स्पष्ट रैंक और चयन होने वाले पदों के विरूद्ध उम्मीदवारों का स्पष्ट नाम सहित सूची जारी की गई है। इसके पूर्व वर्षों में चयन प्रक्रिया समयबद्ध नहीं रहा है एक परीक्षा का आयोजन एवं परीक्षा परिणाम में दो-दो वर्ष तक का समय लगते रहा है, जिससे युवक युवतियों ने परीक्षा फार्म जमा करना भी कम कर दिये थे।
वर्ष 2019-20. 2020-21 2021-22 में तीन परीक्षाएँ संचालित कर योग्यता अनुसार प्रावीण्यता के आधार पर चयन कर युवाओं को शासकीय सेवा का अवसर उपलब्ध कराया है। केवल राज्य सेवा परीक्षा ही नहीं इन तीन वर्षो में अन्य विभागों के सैकड़ों रिक्त पदों पर विधिवत चयन प्रक्रिया निर्विवाद पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि नतीजों के एक माह बाद भी चयनितों की पोस्टिंग नहीं की गई है, इससे ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य सरकार भी झूठें, आधारहीन शिकायत करने वालों के पक्ष में खड़ी है।