रायपुर

डॉ. शाहिद अली की बर्खास्तगी, अपराधिक मामला दर्ज करने की सिफारिश
16-Jun-2023 7:03 PM
डॉ. शाहिद अली की बर्खास्तगी, अपराधिक मामला दर्ज करने की सिफारिश

गुरुवार को कार्यपरिषद की आपात बैठक में मुहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जून। ठाकरे स्मृति पत्रकारिता विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शाहिद अली को बर्खास्त करने, और अपराधिक प्रकरण दर्ज करने का फैसला किया। अल्प सूचना पर गुरूवार को विवि प्रशासन ने कार्य परिषद की बैठक बुलाई थी। इसमें वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, राजकुमार सोनी, आवेश तिवारी समेत कुलपति और कुल सचिव मौजूद थे। बैठक में कुलपति बलदेव शर्मा ने दो प्रस्ताव पेश किए। इनमें पहला डॉ. शाहिद अली का और दूसरा आईआईएमसी दिल्ली के एक शिक्षाविद को लेकर था। दोनों ही पूर्व में ठाकरे विवि में पदस्थ थे। 

दोनों प्रस्तावों में इनकी संविदा नियुक्ति को अनुचित बताया गया था।  कार्यपरिषद से इन पर अनुमोदन ले लिया है।  डॉ. अली को फर्जी दस्तावेज, प्रमाण पत्रों के जरिए नौकरी हासिल करने की छिब्बर कमेटी की जांच और अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई है। इस अनुशंसा पर विश्वविद्यालय ने एक सुक्ष्म जांच कमेटी भी बनाई थी जिसने इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की सिफारिश की है।

 कार्यपरिषद ने सहमति देते हुए कहा है कि इन दोषियों पर उचित वैधानिक कार्रवाई, बर्खास्तगी और अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए। यहां बता दें कि डॉ. अली विवि स्थापना काल 2005 से ही कार्यरत रहे हैं। साथ ही उसी समय से विवि में नियुक्त सभी प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर सभी एक दूसरे के खिलाफ शिकायतें करते रहे हैं। इतना ही नहीं पूर्व कुलपति सच्चिदानंद जोशी के विरूद्ध भी कुलाधिपति, लोकायोग में भी शिकायतें की गई हैं। और इनकी जांच भी कराई जाती रही है।

डॉ. अली ने भी अपने विरोधियों के खिलाफ कई शिकायतें की। डा.अली के विरूद्ध हुई शिकायत पर लेता योग और हाईकोर्ट ने भी संग्यान लेकर शासन स्तर पर जांच रिपोर्ट मांगा था । इस पर सरकार ने तत्कालीन सचिव निधि छिब्बर की कमेटी बनाकर  जांच कराई। कमेटी ने सभी शिकायतों को सही पाते हुए विवि को कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी।

हाल में विवि के ही एसोसिएट प्रोफेसर शैलेंद्र खंडेलवाल ने मुजगहन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर डॉ. अली ने कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी । कल हुई बैठक में कार्यपरिषद (ईसी) ने डॉ. अली के विरूद्ध लोकायोग कि अनुशंसा की अनुमोदन किया है। इसमें उन्हें कूटरचित दस्तावेज के आधार पर नौकरी हासिल करने की शिकायतों की जांच  में पुष्टि करते हुए बर्खास्त करने कहा गया है । विवि से  एक दो दिन में आदेश जारी किया जा सकता है।

इस संबंध में कुलपति बल्देव शर्मा  संपर्क करने पर उन्होंने ऐसे प्रशासनिक मामलो के लिए कुलसचिव से संपर्क करने कहा तो कुलसचिव चंद्रशेखर ओझा ने कहा कि मैं कुछ भी कहने में असमर्थ हूं। कार्यपरिषद के वरिष्ठ सदस्यों ने नाम न छापने की शर्त पर  ‘छत्तीसगढ़’ से इस फैसले की पुष्टि की है। बताया गया कि इस फैसले की जानकारी सार्वजनिक न करने बैठक में कार्यपरिषद ने संकल्प भी लिया था।


अन्य पोस्ट