रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जून। राजधानी में चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। चोरों ने रायपुर के एक बड़े प्रापर्टी डीलर के आफिस में धावा बोला और सेंधमारी कर 10 लाख रुपए नगदी पार कर दिए। पुलिस के मुताबिक तुषार मिरानी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जलविहार कालोनी स्थित मिरानी प्रापर्टी डीलर के आफिस से लाखों रुपयों की चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि चोर आफिस के बाथरूम के रोशनदान में लगी कांच की प्लेट हटाकर अंदर घुसे। चोर कमरे में रखी अलमारी को गैस कटर से काटकर उसमें रखे 10 लाख नगदी ले उड़े। प्राथमिक जांच में पता चला है कि एक से अधिक चोरों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आफिस में चौकीदार को चोरी की वारदात का पता ही नहीं चला। घटना के बाद पुलिस के आलाधिकारी समेत एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई है और इस घटना की छानबीन कर रही है।