रायपुर

गुढिय़ारी के हमर अस्पताल में ईलाज न मिलने से जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा
12-Jun-2023 9:04 PM
गुढिय़ारी के हमर अस्पताल में ईलाज न मिलने से जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा

तीन महीने पहले ही ओटी शुरू हुई थी यहां

न 108 की व्यवस्था, न महतारी एक्सप्रेस, न 112 की सुविधा मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जून। गुढिय़ारी के सरकारी हमर अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां प्रसूता को मेकाहारा की बजाए निजी अस्पताल  रिफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान जच्चा बच्चा दोनों  की मौत हो गई । परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। प्रसूता सरकारी अस्पताल के बाद दो निजी अस्पताल भेजी गई थी।

परिजन अस्पताल में घेरे हुए  हैं। हमर अस्पताल में सुबह से शाम तक दर्द के बावजूद सोनोग्राफी और ऑपरेशन नहीं किया गया। और भीतर पेट में बच्चे के गले में नाल फंसी थी। यह घटना 9 जून की बताई गई है। श्रीनगर खमतराई से गर्भस्त महिला को सुबह 11 बजे हमर अस्पताल लाया गया था। जहां मौजूद डॉक्टर ने महिला को देखकर सबकुछ सामान्य, और डिलीवरी नार्मल होने का भरोसा दिलाया था। इसलिए परिजन भी इंतजार में महिला को वहीं भर्ती रखा। सुबह पाली की डॉक्टर दो बजे के बाद घर जा चुकी थीं, और अस्पताल नर्स के भरोसे था। शाम करीब 7 बजे महिला बेहोश हो गई, मौजूद नर्स ने डॉक्टरों से संपर्क किया, और उसे मेकाहारा ले जाने कहा। इससे बदहवास परिजन ई-रिक्शा में ले गए। वहां पहुंचते ही पहले बच्चे की मौत हुई, उसके बाद महिला की।

सौ से अधिक परिजनों ने आज अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर और स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।  उनका कहना था कि अस्पताल में न तो डॉक्टरों की सुविधा, न सोनोग्राफी की, और न ही एम्बुलेंस उपलब्ध है। इस वजह से आपात स्थिति के मरीजों की मौत होती है। ऐसे ही आपात स्थिति में मदद के लिए  सरकार ने  महतारी एक्स्प्रेस, 108 और 112 की वाहन व्यवस्था कर रखा है। हमर अस्पताल में 28 फरवरी को ही स्वास्थ्य मंत्री, और स्थानीय विधायक ने नए ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन किया था।


अन्य पोस्ट