रायपुर

22 साल बाद मिले होलीक्रास स्कूल के पूर्व स्टूडेंट्स
11-Jun-2023 10:11 PM
22 साल बाद मिले होलीक्रास स्कूल के पूर्व स्टूडेंट्स

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जून। स्कूल की असेम्बली में हाथ जोड़ कर खड़े लगभग 40 वर्षीय बच्चे और सामने खड़े उनसे प्रार्थना करवाते उनके गुरुजन। यह दृश्य था होली क्रॉस बैरन बाज़ार के 2001 बैच के स्टूडेंट्स के रीयूनियन का। 2001 बैच के स्टूडेंट्स का रीयूनियन शनिवार 10 जून को स्कूल परिसर में आयोजित हुआ। इस अवसर का  स्टूडेंट्स के साथ रिटायर्ड हो चुके उनके शिक्षकों ने भी भरपूर आनंद लिया ।

सभी एक साथ पहले बचपन की तरह असेम्बली के लिए एकत्रित हुए। सभी हाइट अनुसार लाइन बना कर प्रार्थना हाल में गए।  स्कूल की याद ताजा करते हुए  प्रार्थना, न्यूज हैड्लाइन्स, थॉट ऑफ द डे के साथ दिन की शुरुआत हुई।  इस अवसर पर स्कूल के वर्तमान प्राचार्य फादर लाकरा भी उपस्थित रहे ।भूतपूर्व प्राचार्य  फादर बेंजामिन ने मधुर गीत से सभी स्टूडेंट्स का स्वागत किया।

स्टूडेंट्स ने स्कूल को राशि रु 10 हजार सहायतार्थ दान की तथा होली क्रॉस बैरन बाजार के सभी वर्ष के भूतपूर्व छात्रों को एक साथ एक मंच पर लाने के लिए आसोसिएशन बनाने का निर्णय लिया है । स्टूडेंट्स के इस निर्णय से फादर लाकरा एवं सभी शिक्षक प्रसन्न हुए । इसके साथ ही छात्रों ने भूतपूर्व शिक्षकों की सहायतार्थ भी राशि रु 50 हजार दान किया जिसे उचित व्यक्ति तक पहुंचाने की दायित्व  वरिष्ठ शिक्षक श्री यादव एवं दत्ता सर को सौंपा गया ।

ऐसेम्बली के बाद सभी स्कूल के भ्रमण पर गए और अपने पुराने दिनों को याद किया। अपनी पुरानी क्लास में बैठ कर सबने बचपन के सुखद स्मृतियों को ताजा किया। शिक्षकों  के क्लास में प्रवेश करते ही शरारती अंदाज में सबने एक सुर में च्च् गुड मॉर्निंग टीचर गॉड ब्लेस यूज्ज् कहकर  टीचर  का स्वागत किया। किसी का वजन बढ़ गया तो किसी के बाल झड़ गए , कोई सरकारी साहब बन गया  तो कोई विलायती बाबू , कोई फ़ेमस फैशन डिज़ाइनर तो कोई हाउस वाइफ़ पर स्कूल कैम्पस में आकार सब बच्चे बन गए और अपनी शरारतों से शिक्षकों को खूब परेशान किया। शिक्षकों ने भी प्यार से स्टूडेंट्स के कान खींच कर उन्हे खूब आशीर्वाद दिया । इस अवसर पर सभी के चेहरे पर प्रसन्नता और आनंद की लहर दौड़ रही थी। ग्रुप फोटो और रामू के वर्ल्ड फ़ेमस समोसे के साथ सुबह का दौर समाप्त हुआ।

किसी का स्कूल कैम्पस छोडकर जाने का मन तो नहीं था पर स्कूल को निर्धारित समय पर छोडकर जाना भी था इसलिए शाम को पुन: मिलने की आस में खिले हुए चेहरों के साथ सबने एक दूसरे को विदा किया । होटल ट्रिटोन में पुन: सब मिले ....इस बार सपरिवार और बहुत सारे पुराने शिक्षकों के साथ । स्टूडेंट्स और टीचर्स ने साथ मिलकर डांस किया । इस अद्भुत नज़ारे का  कार्यक्रम में शामिल ना हो सकने  वाले  दूर परदेश में बैठे यारों ने भी लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से  आनंद लिया ।


अन्य पोस्ट