रायपुर

पीएससी ने जलाए उत्तर पुस्तिकाएं, ओएमआर शीट
10-Jun-2023 11:41 PM
पीएससी ने जलाए उत्तर पुस्तिकाएं, ओएमआर शीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 जून।  छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की कारगुजारियां एक के बाद खुलती जा रही है वर्ष 2021  के परीक्षा परिणाम बेहद संदेहास्पद तथा चौंकाने वाले हैं। भाजपा किसान नेता गौरीशंकर श्रीवास ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि इसे लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे है क्योकि जो परिणाम घोषित किया गया है वो पूरी तरह से प्रायोजित है सारे प्रश्नपत्र पहले से अपने खास लोगों को आबंटित किए गए थे। रिटायरमेन्ट के पहले कई अधिकारियो , सत्ताधारी दल  के नेताओ ने अपने परिवार के सदस्यो को अधिकारी बनाकर लाखो बच्चो के साथ सीधा खिलवाड़ किया है।  तमाम गतिरोध तथा आंदोलन विरोध के बावजूद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने आज तक आपने पक्ष स्पष्ट नहीं किया। प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का शक तब और गहरा जाता है जब आनन् फानन  में 5 जून को  तमाम उत्तरपुस्तिका ओएमआर शीट समेत सारे दस्तावेज को नष्ट कर बाकायदा विज्ञापन में विक्रय निविदा जारी की जाती है। जबकि ये पूरी तरह से सिविल सेवा नियमावली की अवहेलना है।

श्रीवास ने  जानकारों के हवाले से कहा कि 20 वर्ष तक कोई भी उत्तरपुस्तिका और दस्तावेज को इस तरह विक्रय नहीं किया जा सकता. जिस  चोर की दाढ़ी में तिनका हम ढूंढ रहे थे उसे छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने खुद ही सार्वजानिक कर दिया। अनुपयोगी दस्तावेज में ये तक नहीं बताया जा रहा है कि किस वर्ष की उत्तरपुस्तिकाएं है कब की ओएमआर शीट । ये मामला पूरी तरह से अपराध करने के बाद सबूत मिटाने वाले तरीके जैसा है और मामला उजागर होने के बाद अब हो सकता है इसे भी मानवीय तथा टंकण त्रुटि बताकर लीपापोती कर दी जाएगी ।


अन्य पोस्ट